कल आएंगे लखीमपुर-खीरी के केवल पुरवा में छत्तीसगढ़ राज्य के मुख्यमंत्री भुपेश सिंह बघेल करेंगे कांग्रेस की प्रतिज्ञा रैली
लखीमपुर खीरी। यूपी में विधानसभा चुनाव को लेकर कांग्रेस पार्टी की प्रदेश भर में लगातार रैलियां निकाली जा रही हैं। इसी क्रम में लखीमपुर खीरी जनपद के विकास खंड नकहा के केवलपुरवा गांव स्थित जवाहर उच्चतर माध्यमिक विद्यालय के मैदान में एक विशाल कांग्रेस प्रतिज्ञा रैली होने जा रही है, जिसमें छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री भूपेश सिंह बघेल, प्रदेश कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष अजय कुमार लल्लू, अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी राष्ट्रीय सचिव तौकीर आलम, प्रदेश महासचिव जनपद प्रभारी अभिषेक सिंह पटेल कांग्रेस कार्यकर्ताओं को सम्बोधित करेंगे।
लखीमपुर खीरी के एक होटल में प्रदेश महासचिव जनपद प्रभारी अभिषेक सिंह पटेल, छत्तीसगढ़ से आए विनय शील, प्रदेश सचिव धर्मेंद्र चौधरी, संगठन प्रभारी सहजेंद्र दीक्षित एवं विश्व रिकॉर्डधारी यतीश शुक्ला ने कार्यक्रम की विस्तृत जानकारी मीडिया को प्रदान की।
अभिषेक सिंह पटेल ने बताया कि छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री भूपेश सिंह बघेल हेलीकॉप्टर द्वारा 22 दिसंबर सुबह 11 बजे पुलिस लाइन लखीमपुर स्थित हेलीपैड पर उतरेंगे, जहां से वह सड़क मार्ग से केवलपुरवा नकहा स्थित जवाहर उच्चतर माध्यमिक विद्यालय के मैदान में दोपहर 11.30 बजे पहुंचेंगे।
छत्तीसगढ़ से आए विनय शील ने बताया कि छत्तीसगढ़ में गोधन न्याय योजना, राजीव न्याय योजना, कर्ज माफी, 2500 में धान व गेंहू खरीदी योजनाओं के माध्यम से सरकार ने एक मिसाल प्रस्तुत की है एवं कांग्रेस पार्टी इस मॉडल को हर राज्य जहां कांग्रेस की सरकार बनेगी लागू करने जा रही है।
प्रदेश सचिव धर्मेंद्र चौधरी ने बताया कि कार्यक्रम की तैयारियां पूरी कर ली गईं हैं। प्रियंका गांधी के “लड़की हूं लड़ सकती हूं” के नारे से प्रेरित होकर कार्यक्रम में बहुत सी नारी शक्ति भी भाग लेने आ रही है।
विश्व रिकॉर्डधारी यतीश शुक्ला ने बताया कि छत्तीसगढ़ मॉडल देश में जनता एवं सरकार के सामंजस्य की एक अदभुत मिसाल है एवं इस कार्यक्रम के माध्यम से विकास के छत्तीसगढ़ मॉडल को जनता तक पहुंचाया जाएगा।
संगठन प्रभारी सहजेंद्र दीक्षित ने बताया कि कांग्रेस पार्टी का संगठन ग्रामसभा स्तर तक पूरा हो चुका है एवं सभी पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं को इसमें आमंत्रित किया गया है।
Comments
Post a Comment